पूस की रात - भाग चार- मुंशी प्रेमचंद।।
पत्तियाँ जल चुकी थीं। बगीचे में फिर अँधेरा छाया था। राख के नीचे
कुछ-कुछ आग बाकी थी, जो हवा का झांेका आ जाने पर जरा जाग
उठती थी; पर एक क्षण में फिर आँखे बंद कर लेती
थी।
हल्कू ने फिर चादर ओढ़ ली और गर्म राख के पास बैठा हुआ एक गीत
गुनगुनाने लगा। उसके बदन में गर्मी आ गई थी, उसे
आलस्य दबाए लेता था।
जबरा जोर से भूँककर खेत की ओर भागा। हल्कू को ऐसा मालूम हुआ कि
जानवरों का एक झुंड उसके खेत में आया है। शायद नीलगायों का झुंड था। उनके
कुदने-दौड़ने की आवाजें साफ कान में आ रही थीं। फिर ऐसा मालूम हुआ कि वह खेत में चर
रही हैं। उनके चबाने की आवाज चर-चर सुनाई देने लगी?
उसने दिल में कहा- नहीं, जबरा
के होते कोई जानवर खेत में नहीं आ सकता। नोच ही डाले। मुझे भ्रम हो रहा है। कहाँ!
अब तो कुछ सुनाई नहीं देता। मुझे भी कैसा
धोखा हुआ।
उसने जोर से आवाज लगाई- जबरा, जबरा।
जबरा भूँकता रहा। उसके पास न आया।
फिर खेत के चरे जाने की आहट मिली। अब वह अपने को धोखा न दे सका। उसे
अपनी जगह से हिलना जहर लग रही था। कैसा दंदाया हुआ बैठा था। इस जाड़े-पाले में खेत
में जाना, जानवरों के पीछे दौड़ना असूझ जान पड़ा।
वह अपनी जगह से न हिला।
उसने जोर से आवज लगाई-लिहो-लिहो! लिहो!
जबरा भूँक उठा। जानवर खेत चर रहे थे। फसल तैयार है। कैसी अच्छी खेती
थी; पर ये दुष्ट जानवर उसका सर्वनाश किए
डालते हैं।
हल्कू पक्का इरादा करके उठा और दो-तीन कदम चला, पर एकाएक हवा का ऐसा ठंडा, चुभनेवाला, बिच्छू
के डंक का-सा झोंका लगा कि वह फिर बुझते हुए अलाव के पास आ बैठा और राख को कुरेदकर
अपनी ठंडी देह को गर्माने लगा।
जबरा अपना गला फाड़े डालता था, नीलगायें
खोत का सफाया किए डालती थीं। और हल्कू गर्म राख के पास शंात बैठा हुआ था।
अकर्मण्यता ने रस्सियों की भाँति उसे चारों तरफ से जकड़ रखा था।
उसी राख के पास गर्म जमीन पर वह चादर ओढ़कर सो गया।
सवेरे जब उसकी नींद खुली, तब
चारों तरफ धूप फैल गई थी। और मुन्नी कह रही थी-क्या आज सोते ही रहोगे ? तुम यहाँ आकर रम गए और उधर सारा खेत चैपट हो
गया। हल्कू ने उठकर कहा- क्या तू खेत से होकर आ रही है?
मुन्नी बोेली- हाँ, सारे
खेत का सत्यानाश हो गया है। भला ऐसे भी कोई सोता है! तुम्हारे मड़ैया डालनेे से
क्या हुआ।
हल्कू ने बहाना किया- मैं मरते-मरते बचा, तुझे अपने खेत की पड़ी है। पेट में ऐसा दरद हुआ
कि मैं ही जानता हूँ।
दोनों फिर खेत की डाँड़ पर आए। देखा, सारा खेत रौंदा पड़ा है, और
जबरा मड़ैया के नीचे चित लेटा है।
मानो प्राण ही न हो। दोनों खेत की दशा देख रहे थे। मुन्नी के मुख पर
उदासी छाई थी। पर हल्कू प्रसन्न था।
मुन्नी ने चिंतित होकर कहा- अब मजूरी करके मालगुजारी भरनी पड़ेगी।
हल्कू ने प्रसन्न मुख से कहा- रात की ठंड में यहाँ सोना तो न पड़ेगा।
***

Comments