NEET के बाद अब SSC GD छात्रों का फूटा गुस्सा, परीक्षा रद्द होने पर लखनऊ में जमकर हुआ हंगामा
N5/लखनऊ/27मई: नीट (NEET) विवाद के बीच अब प्रतियोगी परीक्षाओं के माहौल में एक और तनावपूर्ण घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ में आयोजित होने वाली SSC GD की परीक्षा को अचानक रद्द कर दिया गया, जिससे परीक्षार्थियों में भारी आक्रोश फैल गया।
क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
लखनऊ में 25 मई को SSC GD की परीक्षा निर्धारित थी। परीक्षार्थी पूरी तैयारी के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन ऐन वक्त पर परीक्षा के अचानक रद्द होने की घोषणा कर दी गई।
परीक्षा का अचानक रद्द होने से नाराज परीक्षार्थियों ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया। बताया गया है कि आक्रोशित छात्रों ने परीक्षा केंद्र के बाहर तोड़फोड़ भी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
वहीं, प्रयागराज के झूंसी स्थित सुनीता सिंह महिला महाविद्यालय में SSC GD की परीक्षा के दौरान कथित गड़बड़ियों के चलते छात्रों ने पूरे केंद्र में तोड़फोड़ की।
इन घटनाओं के चलते छात्रों में सरकार के प्रति काफी नाराजगी देखी जा रही है। छात्रों के हवाले से सरकार पर आरोप लगाये जा रहे हैं कि सरकार हर साल 2 करोड़ रोजगार देने के वादे पर विफल रही है और इसके बजाय बेरोजगारी बढ़ रही है।
छात्रों का मानना है कि अब 'GenZ' (नई पीढ़ी) के इस गुस्से को थाम पाना सरकार के लिए मुश्किल हो गया है। इस घटना को लेकर छात्रों में काफी नाराजगी देखी जा रही है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Comments