प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली का विरोध: अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को मिला सोनम वांगचुक का समर्थन।।
प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली का विरोध: अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को मिला सोनम वांगचुक का समर्थन।।
रांची (झारखंड)/N5: झारखंड में JPSC, JSSC-CGL और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित धांधली व पेपर लीक के विरोध में आंदोलन तेज हो गया है।
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 25 जुलाई से जारी सत्याग्रह और 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को प्रसिद्ध पर्यावरणविद और एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक का समर्थन मिला है।
"बिना पानी की हड़ताल आत्महत्या जैसी": सोनम वांगचुक।
सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के जरिए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। गिरते स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए वांगचुक ने उनसे जल ग्रहण करने की अपील की।
वांगचुक ने कहा, "कृपया थोड़ा पानी पी लीजिए, बिना पानी के हड़ताल करना आत्महत्या जैसा है। इस तरह की लड़ाइयों में समय लगता है, इसमें 2-3 हफ्ते भी लग सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि सरकार स्थिति की गंभीरता को समझेगी और सही फैसला लेगी।"
बातचीत के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने बताया, "हम 25 जुलाई से सत्याग्रह कर रहे हैं और मैं 2 अगस्त से निर्जला भूख हड़ताल पर हूं। यहां पिछले 26 वर्षों से पेपर लीक की समस्याएं आ रही हैं।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि पानी नहीं पिया तो स्थिति नाजुक हो जाएगी और तत्काल अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा।"
सोनम वांगचुक के आश्वासन और आग्रह के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने पानी और नमक ग्रहण करने की सहमति जताई, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार छात्रों की मांगों पर उचित कदम नहीं उठाती, तब तक उनका अन्न का त्याग और अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलनकारियों की मुख्य मांगें।
JPSC और JSSC-CGL समेत अन्य परीक्षाओं की कथित धांधली की निष्पक्ष जांच।
राज्य की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन।

Comments