बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर 5 KM पैदल चल पहुंचे कलेक्ट्रेट, कहा- 'हमारी सड़क बना दीजिए'।।
हमीरपुर (उत्तर प्रदेश)/N5: कीचड़ और बदहाली से तंग आ चुके इन मासूमों की केवल एक ही मांग थी— "साहब, हमारे गांव की सड़क बना दीजिए।"
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से प्रशासनिक दावों और जमीनी हकीकत के बीच एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। कुरारा ब्लॉक की चंदूपुर ग्राम पंचायत और आसपास के डेरों से आए दर्जनों स्कूली बच्चे अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' थामे करीब 5 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
क्या है पूरा मामला? चलिए जानते हैं थोङा विस्तार से।।
यमुना पट्टी के अंतर्गत आने वाली चंदूपुर ग्राम पंचायत के आसपास गंगवा का डेरा, ब्रह्मा का डेरा समेत करीब आधा दर्जन मजरे बसे हुए हैं। बारिश के दिनों में करीब 1.5 किलोमीटर लंबा यह कच्चा रास्ता पूरी तरह से जलभराव और दलदल में तब्दील हो जाता है।
छात्रों की परेशानी: रास्ते में घुटनों तक भरे कीचड़ की वजह से बच्चों के कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं, जिससे उनका स्कूल जाना लगातार बाधित हो जाता था।
अस्पताल पहुंचना मुश्किल: ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के दशकों बाद भी इस मार्ग का पक्का निर्माण नहीं हो पाया है, जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
आपको बता दूँ कि कलेक्ट्रेट में घंटों चला प्रदर्शन।।
मंगलवार सुबह स्कूली बच्चे और ग्रामीण नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। बच्चे जिलाधिकारी (DM) से सीधे मिलकर अपनी समस्या रखना चाहते थे। इस दौरान बच्चों ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर धरना दिया और डीएम दफ्तर की ओर बढ़ने का प्रयास किया, जिसे वहां मौजूद पुलिस बल और महिला कांस्टेबलों ने रोका।
करीब 4 घंटे तक कलेक्ट्रेट में यह गहमागहमी बनी रही। मौके पर पहुंचे एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, एसडीएम सदर और पुलिस अधिकारियों ने बच्चों तथा ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया।
इस मामला पर जिला प्रशासन का क्या कहना है?
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उक्त सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी (PWD) द्वारा 1.81 करोड़ रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की जा चुकी है।
"वन विभाग से आवश्यक एनओसी मिलने के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बजट आवंटित होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बरसात के बाद कार्य को पूरा कराने का भरोसा दिया गया है।"
— राकेश कुमार, एडीएम (वित्त एवं राजस्व), हमीरपुर।।
(रिपोर्ट- N5 डेस्क न्यूज)

Comments