स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने पर CJP का जोरदार प्रदर्शन।
नई दिल्ली/N5: राजधानी दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर आज माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब 'सिटीजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस' (CJP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्र भारद्वाज की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जंतर-मंतर पर हुई मारपीट का मामला
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका अपनी नेता निशू आजाद और उनके पिता संजय के लिए न्याय की गुहार लगाते हुए संसद मार्ग थाने पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और स्वतंत्र भारद्वाज को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग रखी।
थाने के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए CJP नेता आशुतोष रांका ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने बताया कि जंतर-मंतर पर आयोजित एक शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के दौरान निशू आजाद के पिता संजय के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है।
पुलिस और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप
आशुतोष रांका ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति इस कदर बिगड़ चुकी है कि आरोपी खुलेआम अपने अपराध को स्वीकार कर रहा है, लेकिन दिल्ली पुलिस भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इशारे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।"
उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि संगठन पूरी मजबूती के साथ निशू आजाद और उनके पिता के साथ खड़ा है और जब तक पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिल जाता, यह संघर्ष जारी रहेगा।
हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग
CJP नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास या हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज करने और स्वतंत्र भारद्वाज की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
N5: थाने के बाहर बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी थाने के बाहर डटे हुए थे और आरोपी की गिरफ्तारी न होने तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दे रहे थे।
#Watch 👇
(रिपोर्ट- शैलेन्द्र कुमार न्यूज डेस्क N5)
