प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज़्बेकिस्तान यात्रा: ताशकंद पहुँचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव ने एयरपोर्ट पर किया भव्य स्वागत।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज़्बेकिस्तान यात्रा: ताशकंद पहुँचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव ने एयरपोर्ट पर किया भव्य स्वागत।
ताशकंद/N5:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो देशों के मध्य एशियाई दौरे के पहले चरण में उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुँच चुके हैं। एयरपोर्ट पर उतरते ही उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्ज़ियोयेव ने प्रोटोकॉल तोड़कर खुद उनकी अगवानी की और गर्मजोशी से गले लगाकर उनका स्वागत किया।
बिहार मुख्य मंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, "विजयी विश्व तिरंगा प्यारा।माननीय प्रधानमंत्री श्री जी की उज्बेकिस्तान यात्रा से पहले ताशकंद स्थित हिल्टन होटल भारतीय तिरंगे के रंगों से जगमगा उठा। यह दृश्य विश्व पटल पर भारत के बढ़ते गौरव और सम्मान की झलक है। प्रधानमंत्री जी का यह दौरा भारत-उज्बेकिस्तान की मित्रता एवं साझेदारी को नई मजबूती प्रदान करेगा।"
यांगी उज़्बेकिस्तान पार्क में स्वतंत्रता स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
ताशकंद पहुँचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने औपचारिक कार्यक्रमों की शुरुआत 'यांगी उज़्बेकिस्तान पार्क' (Yangi Uzbekistan Park) से की। वहाँ उन्होंने 'इंडिपेंडेंस मॉन्यूमेंट' (स्वतंत्रता स्मारक) पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।प्रधानमंत्री के आगमन से पहले ही ताशकंद शहर में जबरदस्त उत्साह देखा गया। शहर का प्रसिद्ध हिल्टन होटल भारतीय तिरंगे के रंगों से जगमगा उठा, जिसने दोनों देशों के प्रगाढ़ संबंधों की खूबसूरत झलक पेश की। इसके अलावा, स्थानीय उज़्बेक छात्रों ने हिंदी भाषा में वीडियो जारी कर पीएम मोदी का स्वागत किया, जिसकी सराहना खुद प्रधानमंत्री ने भी की।
यात्रा का मुख्य एजेंडा और वार्ता
दो दिवसीय उज़्बेकिस्तान प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। बातचीत में मुख्य ध्यान इन बिंदुओं पर रहेगा।
रणनीतिक और आर्थिक सहयोग: व्यापार, निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, और ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी को नई ऊँचाइयों पर ले जाना।
विकास दृष्टिकोण: भारत के 'विकसित भारत 2047' और उज़्बेकिस्तान के 'उज़्बेकिस्तान-2030' विज़न को आपस में जोड़ने पर चर्चा।
सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव: पीएम मोदी ताशकंद स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी केंद्र का दौरा भी करेंगे।
उज़्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री किर्गिज़ गणराज्य के बिश्केक जाएँगे, जहाँ वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
(रिपोर्ट- शैलेन्द्र कुमार न्यूज डेस्क N5)
