बिहार पुलिस का 'जंगल में मंगल': मुंगेर के भीमबाँध में अवैध शराब की 4 भट्टियां ध्वस्त, 5 तस्कर गिरफ्तार।।
पटना/मुंगेर/N5: बिहार में शराबबंदी कानून को पूरी तरह धरातल पर उतारने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार एक्शन मोड में है। ताजा मामला मुंगेर जिले से सामने आया है, जहां पुलिस के खुफिया तंत्र ने एक ऐसे ठिकाने का भंडाफोड़ किया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है।
लोग अक्सर कहते हैं कि 'जंगल में मंगल' होता है, लेकिन मुंगेर में शराब माफियाओं ने घने जंगलों के बीच ही अवैध शराब का 'मंगल बाजार' सजा रखा था।
गंगटा थाना पुलिस ने मुंगेर के प्रसिद्ध भीमबाँध के जंगलों में एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर शराब माफियाओं के पूरे नेटवर्क को नेस्तनाबूद कर दिया है। पुलिस की इस सुपरफास्ट कार्रवाई के बाद स्थानीय जनता पुलिस के खुफिया तंत्र को सेल्यूट कर रही है और लोगों का कानून पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
खुफिया इनपुट पर पुलिस का महा-ऐक्शन, 4 भट्टियां जमींदोज।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भीमबाँध के घने जंगलों की आड़ लेकर बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही गंगटा थाना पुलिस ने बिना वक्त गंवाए एक विशेष टीम का गठन किया और जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस की इस छापेमारी में शराब माफियाओं के होश उड़ गए। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए:
- 4 अवैध शराब भट्टियों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।
- भट्टी पर शराब बनाने के लिए रखे गए 7,645 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
- इसके साथ ही 510 लीटर तैयार देसी शराब को जब्त किया गया है।
- 5 शराब तस्कर दबोचे गए, पाताल से भी ढूँढ निकालेगी पुलिस
पुलिस ने केवल शराब नष्ट ही नहीं की, बल्कि मौके से भागने की कोशिश कर रहे 5 शराब तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार भी कर लिया है। गिरफ्तार तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि इस धंधे के मुख्य सरगनाओं तक पहुँचा जा सके।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने शराब माफियाओं को कड़ा संदेश दिया है कि अब गांव-घर तो दूर, अगर वे घने जंगलों या पहाड़ों की कंदराओं में भी छिपकर अवैध धंधा करेंगे, तो पुलिस उन्हें पाताल से भी ढूँढ निकालेगी।
जनता बोली- 'सुपर से भी ऊपर है बिहार पुलिस का खुफिया तंत्र'।
भीमबाँध जैसे घने और दुर्गम जंगलों के बीच चल रही शराब की भट्टियों का पता लगाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। यही वजह है कि इस कामयाबी के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर लोग बिहार पुलिस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता, वहां पुलिस ने शराब की भट्टी ढूंढ निकाली। अब शराब माफियाओं के लिए बिहार में छिपने की कोई जगह नहीं बची है।
Tags
अपराध
