बिहार को मिली बङी सुविधा: दिल्ली और बिहार के बीच नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा का शुभारंभ
नई दिल्ली / पटना, 28 नवंबर 2026
दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दोनों राज्यों के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करने और साल भर सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर को दिल्ली-बिहार नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा की शुरुआत की गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर दोनों राज्यों के बीच 18 प्रमुख मार्गों पर बस परिचालन को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए।
उद्घाटन समारोह में दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अंतरराज्यीय समझौते पर बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार और दिल्ली की परिवहन सचिव निहारिका राय ने आधिकारिक रूप से हस्ताक्षर किए। इस पहल पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बिहार के लोगों ने अपने परिश्रम से दिल्ली को संवारा है और अपनी संस्कृति से राजधानी को समृद्ध किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सीधी बस सेवा से प्रवासी बिहारवासियों को जब भी अपनों से मिलने की इच्छा होगी, वे आसानी से अपने घर पहुंच सकेंगे।
बिहार के 13 जिलों को मिलेगा सीधा लाभ
नई व्यवस्था के तहत बिहार के 13 प्रमुख जिलों और शहरों को दिल्ली से सीधे जोड़ा गया है। इनमें पटना, गयाजी, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, बिहारशरीफ, बक्सर, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) और नवादा शामिल हैं। निर्धारित किए गए कुल 18 मार्गों में राजधानी पटना से सर्वाधिक चार मार्ग तय किए गए हैं, जबकि मुजफ्फरपुर और गयाजी से दो-दो मार्गों पर बसें चलेंगी। शेष सभी जिलों से दिल्ली के लिए एक-एक मार्ग निर्धारित किया गया है। सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक मार्ग पर बिहार और दिल्ली, दोनों राज्यों की ओर से 12-12 परमिट का कोटा तय किया गया है।
आधुनिक बसों का बड़ा बेड़ा और पीपीपी मॉडल
यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित सफर देने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने कुल 149 डीलक्स बसें इस सेवा में उतारी हैं। इनमें 75 गैर-वातानुकूलित (नॉन-एसी) और 74 वातानुकूलित (एसी) बसें शामिल हैं। इसके अलावा, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत 150 अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी, जिससे आवागमन के विकल्पों में बड़ा विस्तार होगा।
किराया और टिकट बुकिंग की सुविधा
आम यात्रियों की जेब का ध्यान रखते हुए किराया दरें भी तय कर दी गई हैं। पटना से दिल्ली के बीच नॉन-एसी स्लीपर बस का किराया ₹1,715 निर्धारित किया गया है, वहीं एसी स्लीपर श्रेणी का किराया ₹2,990 के आसपास रखा गया है। अन्य जिलों के मार्गों के किराये, समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़ी सभी जानकारियां बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की वेबसाइट www.bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध कराई गई हैं।
त्योहारों से आगे बढ़कर पूरे साल की सुविधा
बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि अब तक दूसरे राज्यों के लिए विशेष बस सेवाएं केवल पर्व-त्योहारों के दौरान ही चलाई जाती थीं। वर्ष 2025 के त्योहारी सीजन में ट्रेनों की भारी भीड़ को देखते हुए निगम और पीपीपी मॉडल के तहत 210 बसें चलाई गई थीं, जबकि वर्ष 2026 में दीपावली और छठ के दौरान विभिन्न राज्यों के लिए 155 बसों का संचालन किया गया था। यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए सरकार ने इसे पूरे साल नियमित रूप से चलाने का फैसला किया है। यह कदम न केवल लंबी दूरी की रेलगाड़ियों पर पड़ने वाले भारी दबाव को कम करेगा, बल्कि रोजगार, शिक्षा और व्यापार के सिलसिले में दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले बिहार के नागरिकों के लिए एक भरोसेमंद और सुलभ माध्यम साबित होगा।
स्रोत: न्यूज एजेंसी, सोशल साइट्स और अन्य विश्वसनीय समाचार सूत्र।
-शैलेन्द्र कुमार न्यूज डेस्क N5
