शैलेन्द्र कुमार
सिवान, पटना बिहार;
बिहार के सिवान जिले में दशहरा मेले की गहमागहमी और त्योहार की चहल-पहल के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। शहर के व्यस्ततम इलाके राजेंद्र पथ पर कल्याण ज्वेलर्स के पास स्थित कयूम मियां मार्केट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद दुकान में रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक हुए जोरदार धमाकों से पूरा बाजार दहल उठा और आसपास भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
"ख़बर ये है कि सोमवार शाम दशहरा मेले दौरान ये भीषण आग लगी है। एसी दुकान के करीब 8 गैस सिलेंडर फटे, शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। दमकल देर पहुंची, क्योंकि मेला की वजह से सङक पर भीङ भारी थे।20 गाड़ियों से 5 घंटे में काबू पाया गया है। ऊपर मकान से 8 लोग सुरक्षित निकाले भी गए हैं। कोई हताहत नहीं, 50 लाख से ज्यादा नुकसान बस!"
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत मार्केट में स्थित 'स्मार्ट रेफ्रिजरेशन' नामक एसी और फ्रिज के पार्ट्स व गैस रिफिलिंग की दुकान से हुई। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ। दुकान में लगभग 70 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग पकड़ते ही लगभग 5 सिलेंडरों में ताबड़तोड़ धमाके हुए। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक इसकी गूंज सुनाई दी।
धमाकों के साथ भड़की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की लगभग एक दर्जन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
हादसे के वक्त बाजार में दशहरा मेला देखने आए श्रद्धालुओं और खरीदारों की भारी भीड़ मौजूद थी। गगनचुंबी लपटें और लगातार हो रहे धमाकों को देखकर मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बिजली विभाग ने पूरे शहर की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बंद कर दी, ताकि कोई बड़ा विद्युत हादसा न हो। पुलिस टीम ने क्षेत्र को घेरकर मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया।
घटनास्थल पर दमकल विभाग की कई गाड़ियों को भेजा गया। हालांकि, दुकानों के भीतर रह-रहकर हो रहे सिलेंडर धमाकों के कारण अग्निशमन कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत और जोखिम का सामना करना पड़ा।
जिले के वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं । किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव कार्य के तहत मौके पर तीन एंबुलेंस की तैनाती की गई है।
स्थिति पर नजर: आग की वजह से करोड़ों रुपये के सामान के जलकर राख होने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत यह रही कि आग लगते ही दुकान और मार्केट में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल आए। फिलहाल अधिकारी नुकसान के विस्तृत आकलन और आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटे हैं।
(स्रोत: एआईआर न्यूज, सोशल मीडिया, सोशल मीडिया विश्वसनीय पोस्ट्स, सूत्र आदि)
