नरकटियागंज के सरकारी स्कूल में शिक्षक पर 'बैड टच' का गंभीर आरोप, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में; BEO जांच में जुटे
नरकटियागंज के सरकारी स्कूल में शिक्षक पर 'बैड टच' का गंभीर आरोप, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में; BEO जांच में जुटे
नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण):
बिहार के पश्चिम चंपारण जिला अंतर्गत नरकटियागंज नगर स्थित एक राजकीय मध्य विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी और भारी बवाल मच गया, जब विद्यालय की छात्राओं ने एक शिक्षक पर 'बैड टच' (अश्लील हरकत) करने का गंभीर आरोप लगाया। छात्राओं की शिकायत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आपातकालीन नंबर 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक संजय कुमार पांडे को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
छात्राओं का आरोप: शरीर के अंगों को गलत तरीके से छूते थे शिक्षक
छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक संजय कुमार पांडे अक्सर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते थे तथा सीने, पीठ और कमर पर हाथ लगाकर गलत तरीके से स्पर्श करते थे। आरोपी शिक्षक के भय और झिझक के कारण छात्राएं काफी समय से चुप थीं। हालांकि, सब्र का बांध टूटने के बाद छात्राओं ने घटना की जानकारी परिजनों व अन्य शिक्षकों को दी।
शिक्षा विभाग पहुंचा जांच करने, कार्रवाई की बात कही
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) डॉ. संजय कुमार सिंह भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने पीड़ित छात्राओं से अलग-अलग बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बीईओ ने स्पष्ट किया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त प्रशासनिक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का आधिकारिक बयान आना बाकी
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए शिक्षक से पूछताछ कर रही है और छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूरे मामले को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन का आधिकारिक बयान आना अभी बाकी है। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
( रिपोर्ट- शैलेन्द्र कुमार न्यूज डेस्क N5)

